'परवाह नहीं है कि क्या होने जा रहा है', टेस्ट मैच से पहले बोले अजिंक्य रहाणे
नई दिल्ली। अजिंक्य रहाणे बताैर कप्तान न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में कप्तानी करने जा रहे हैं। हालांकि माना जा रहा है कि रहाणे के लिए यह सीरीज करो या मरो जैसी है क्योंकि पिछले एक साल में उनका खराब फॉर्म में रहा है। रहाणे ने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के लिए ऑस्ट्रेलिया दौरे पर मेलबर्न में अपने शतक के बाद से कोई बड़ी पारी नहीं खेली है। दरअसल, मौजूदा सीजन में उनका औसत 19 के आसपास रहा है। जब उनके पिछले 15 टेस्ट की बात आती है, तो उनका बल्लेबाजी औसत 25 से कम का है।
कानपुर में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट से पहले मीडिया से बात करते हुए, रहाणे ने अपने फॉर्म को लेकर कहा कि यह टीम के लिए अच्छी बात है कि मेरा ध्यान टीम पर केंद्रित है न कि अपने व्यक्तिगत प्रदर्शन पर। रहाणे ने कहा, "मैं अपने फॉर्म के बारे में चिंतित नहीं हूं, मैं सिर्फ टीम के लिए योगदान देने के बारे में सोचता हूं, यह हमेशा शतक बनाने के बारे में नहीं है। मैं हमेशा टीम को पहले रखता हूं। मैं देश का नेतृत्व करने के लिए बहुत भाग्यशाली हूं, मुझे इस बात की परवाह नहीं है कि क्या है होने जा रहा है। मैं सिर्फ अपना सर्वश्रेष्ठ देने पर ध्यान केंद्रित कर रहा हूं।"
यह भी पढ़ें- साल 1955 में मिली थी न्यूजीलैंड के खिलाफ पहली टेस्ट जीत, वीनू मांकड़ ने ठोका था दोहरा शतक
रहाणे ने कहा, "जब मैं बल्लेबाजी कर रहा होता हूं, तो मैं वहां बल्लेबाज के रूप में होता हूं। कप्तानी जब मिलती है तो फिर मैं मैदान में होता हूं। हमारे पास किस तरह की रणनीति है, मुझे बस इसके बारे में सोचना पसंद है। किसी की आलोचना करना आसान है।" न्यूजीलैंड के खिलाफ 2 मैचों की सीरीज के लिए चुनी गई भारतीय क्रिकेट टीम को कई लोग 'सेकंड-स्ट्रिंग' की टीम के रूप में देख रहे हैं। रोहित शर्मा, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, ऋषभ पंत को पूरी सीरीज से आराम दिया गया है, जबकि कोहली पहले मुकाबले से बाहर होंगे।
युवाओं के साथ मैदान पर उतरने पर रहाणे ने कहा, "सबसे पहले, हम इन तीन लोगों (विराट कोहली, ऋषभ पंत और रोहित शर्मा) को याद करेंगे। लेकिन यह सभी युवाओं के लिए खेलने का एक अच्छा मौका है, जिसे भी मौका मिलेगा, वे आजादी के साथ खेलना चाहेंगे। यह टीम एक दूसरे का समर्थन करने के बारे में है। यहां की स्थितियां और दक्षिण अफ्रीका में स्थितियां अलग होंगी, पहले हम इस सीरीज के बारे में सोच रहे हैं।" आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल की गूंज भारतीय खिलाड़ियों के कानों में बज रही होगी, यह देखते हुए कि यह न्यूजीलैंड की टीम थी जिसने उन्हें खिताबी मुकाबले में हार दी थी।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications
