
आयरिश बल्लेबाजों को हुआ फायदा
आईसीसी की ओर से जारी की गई नई बल्लेबाजी रैंकिंग में सूची में आयरलैंड के कप्तान एंड्रयू बालबर्नी साउथैम्पटन में इंग्लैंड के खिलाफ अंतिम मैच में 113 रन की पारी खेलने के बाद चार पायदान के फायदे से 42वें स्थान पर जबकि उपकप्तान पॉल स्टर्लिंग अपनी 142 रन की पारी से 26वें स्थान पहुंच गए।

कैम्फर ने किया प्रभावित
कर्टिस कैम्फर ने पहली सीरीज में प्रभावित किया और वह दो बार बल्लेबाजी के लिए उतरे और दोनों बार अर्धशतक जमाने में सफल रहे, जिससे वह बल्लेबाजों की सूची में 191वें स्थान से प्रवेश करने में सफल रहे। गेंदबाजी सूची में आयरलैंड के तेज गेंदबाज क्रेग यंग ने सीरीज में छह विकेट हासिल किए जिससे वह 40 पायदान के फायदे से अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ 89वें स्थान पर पहुंच गए जबकि मार्क एडेर (छह पायदान के लाभ से 138वें स्थान) और जोशुआ लिटिल (38 पायदान के फायदे से 146वें स्थान) भी सूची में ऊपर की ओर बढ़ने में सफल रहे।

मोर्गन-राशिद को भी हुआ फायदा
इस सीरीज में इंग्लैंड ने 2-1 से जीत हासिल की थी। इंग्लैंड के कप्तान इयान मोर्गन ने अंतिम वनडे में शतक जड़ा था, उन्हें एक पायदान का फायदा मिला और वह 22वीं रैंकिंग पर हैं। वहीं जॉनी बेयरस्टो एक पायदान के फायदे से 13वें स्थान पर पहुंच गए। सैम बिलिंग्स 132 रन जुटाने के बाद रैंकिंग में 146वें स्थान से प्रवेश करने में सफल रहे।
इंग्लैंड के गेंदबाजों में लेग स्पिनर आदिल राशिद 29वें से 25वें स्थान पर पहुंच गए। इंग्लैंड को सीरीज में मिली जीत से आईसीसी पुरुष विश्व कप सुपर लीग में 20 अंक मिले जिसमें 13 टीमें भारत में होने वाले अगले 2023 विश्व कप के लिए सीधे क्वॉलिफाइंग स्थान हासिल करने की कोशिश करेंगी। आयरलैंड के 10 अंक हैं।


Click it and Unblock the Notifications
