India vs Australia 1st Day Night Test: नई दिल्ली। भारत और ऑस्ट्रेलिया (India vs Australia) के बीच जारी बहुप्रतिक्षित टेस्ट सीरीज बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी (Border Gavaskar Test Series) का पहला मैच एडिलेड के मैदान पर डे-नाइट प्रारूप में खेला जा रहा था, जिसमें 2 दिन तक मजबूत पकड़ बनाने के बाद भारतीय टीम तीसरे दिन अचानक से ढेर हो गई और ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 8 विकेट से मैच को जीतकर सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। भारतीय टीम के लिये मैच का तीसरा दिन बेहद शर्मनाक रहा। पहली पारी में 53 रनों की बढ़त हासिल करने वाली भारतीय टीम दूसरी पारी में महज 36 रन पर ढेर हो गई और ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 90 रन के लक्ष्य को 2 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया।
ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिये दूसरी पारी में जोश हेजलवुड (Josh Hazlewood) ने शानदार गेंदबाजी करते हुए अपने 5 ओवर के स्पेल में 3 ओवर मेडन फेंके और 5 विकेट हासिल किये। हेजलवु़ड (Josh Hazlewood) ने अपनी इस शानदार गेंदबाजी के दम पर ऑस्ट्रेलिया के लिये 73 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया और कंगारू टीम के लिये सबसे कम रन देकर 5 विकेट हासिल करने वाले गेंदबाज बन गये।
और पढ़ें: AUS vs IND: एडिलेड टेस्ट में खुल गई पृथ्वी शॉ की तकनीक की पोल, शुबमन का डेब्यू हुआ पक्का
जोश हेजलवुड (Josh Hazlewood) ने इस मैच में कुल 6 विकेट हासिल किये, उन्हें पहली पारी में सिर्फ एक ही विकेट मिला था लेकिन दूसरी पारी में उन्होंने भारतीय बल्लेबाजों पर कहर बरसाया और टेस्ट करियर में 8वीं बार 5 विकेट लेने का कारनामा किया।
इसके साथ ही जोश हेजलवुड (Josh Hazlewood) ने टेस्ट क्रिकेट में अपने 200 विकेटों का आंकड़ा भी पूरा कर लिया और ऑस्ट्रेलिया के लिये 200 विकेट लेने वाले 13वें तेज गेंदबाज बन गये। वहीं ओवरऑल की बात करें तो वह ऐसा करने वाले 18वें गेंदबाज बने हैं। जोश हेजलवुड (Josh Hazlewood) ने यह कारनामा अपने करियर के 52वें मैच की 97वीं पारी में हासिल किया और अब उनके कुल 201 टेस्ट विकेट हो चुके हैं। उन्होंने यह उपलब्धि ऋद्धिमान साहा को लाबुशेन के हाथों कैच कराकर अपने नाम की।
उल्लेखनीय है कि यह पिंक बॉल प्रारूप में दूसरा ही मौका है जब किसी टीम ने पहली पारी में बढ़त बनाने के बाद दूसरी पारी में मैच को गंवा दिया हो। इसके साथ ही ऑस्ट्रेलियाई टीम ने पिंक बॉल प्रारूप में खेले गये डे-नाइट टेस्ट (Pink Ball Day Night Test) में अपना दबदबा बरकरार रखते हुए 7वीं बार जीत हासिल की और अजेय रहने का रिकॉर्ड कायम रखा है।