
जडेजा-अक्षर का बेहतर विकल्प साबित होते वाशिंगटन सुंदर
अपने यूट्यूब चैनल आकाशवाणी पर बात करते हुए आकाश चोपड़ा ने वाशिंगटन सुंदर की जमकर तारीफ की और कहा कि उन्हें यह देखकर हैरानी हो रही है कि रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम ने आईपीएल 2022 के लिये इस खिलाड़ी को क्यों रिटेन नहीं किया और चयनकर्ताओं ने साउथ अफ्रीका दौरे के लिये टीम में क्यों जगह नहीं दी।
उन्होंने कहा,'मैं काफी अहम खिलाड़ी की बात करने जा रहा हूं- वाशिंगटन सुंदर, पिछले कुछ समय से कोई भी इस खिलाड़ी के बारे में बात नहीं कर रहा है। चयनकर्ताओं ने भी साउथ अफ्रीका दौरे के लिये वाशिंगटन सुंदर के नाम पर विचार भी नहीं किया। रविंद्र जडेजा, अक्षर पटेल और राहुल चाहर चोटिल हैं तो चयनकर्ताओं ने अश्विन के साथ जयंत यादव को चुना लेकिन किसी ने वाशिंगटन सुंदर के नाम पर बात तक नहीं की।'

गाबा में सुंदर ने भी जीत में दिया था अहम योगदान
आकाश चोपड़ा ने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर इस साल गाबा में खेले गये टेस्ट की बात की और भारतीय टीम के इस हरफनमौला खिलाड़ी की ओर से जीत में दिये गये अहम योगदान पर ध्यान दिलाया। उल्लेखनीय है कि तमिलनाडु के इस हरफनमौला खिलाड़ी ने भारतीय टीम को जीत दिलाने के लिये ऋषभ पंत के साथ छठे विकेट के लिये 53 रनों की अहम साझेदारी की थी और बल्ले से अर्धशतक जड़ जीत दिलाने में योगदान दिया था।
उन्होंने कहा,'गाबा में भारत की जीत के पीछे ऋषभ पंत की पारी थी इसमें कोई शक नहीं है लेकिन आप इस मैच में शार्दुल ठाकुर और वाशिंगटन सुंदर के योगदान को नहीं भूल सकते जिन्होंने पहली पारी में रन बनाये थे और विकेट भी झटके थे। इसके बाद वो इंग्लैंड के खिलाफ खेले जब वो भारत में टेस्ट सीरीज खेलने आयी थी और वहां भी उन्होंने रन बनाये थे। अब जब आप साउथ अफ्रीका जा रहे हैं तो परिस्थितियों को देखते हुए आपको एक ऐसे बॉलर की जरूरत है जो रनों पर लगाम लगा सके और बल्लेबाजी में गहराई दे सके। भारत के लिये जडेजा और अक्षर यह काम अच्छे से करते हैं लेकिन उनके चोटिल होने के बाद आप सुंदर के नाम पर विचार भी नहीं करते हैं। यह देखकर हैरानी होती है।'

आरसीबी के रिटेन न करने पर भी हैरान, नीलामी में बरसेगा पैसा
गौरतलब है कि वाशिंगटन सुंदर आईपीएल 2021 के यूएई लेग से पहले चोटिल हो गये थे जिसकी वजह से वह आरसीबी के लिये खेल नहीं सके। इसी महीने घरेलू स्तर पर खेले जाने वाले विजय हजारे ट्रॉफी टूर्नामेंट में उन्होंने फिट होकर तमिलनाडु के लिये वापसी की है और पुड्डुचेरी के खिलाफ 5 विकेट हॉल अपने नाम किया। आकाश चोपड़ा का मानना है कि वाशिंगटन सुंदर को वापसी करने के लिये अब रविचंद्रन अश्विन से लड़ाई करनी होगी हालांकि उनका मानना है कि साउथ अफ्रीका दौरे पर उन्हें अश्विन के साथ मौका दिया जा सकता है। आकाश चोपड़ा को असल हैरानी तब हुई जब आरसीबी की टीम ने विराट कोहली, ग्लेन मैक्सवेल और मोहम्मद सिराज को ही टीम में रिटेन करने का फैसला किया। आकाश चोपड़ा ने आरसीबी के इस फैसले पर भी हैरानी जताई।
उन्होंने कहा,'वाशिंगटन सुंदर आरसीबी की टीम की अहम कड़ी हुआ करते थे लेकिन टीम ने उन्हें रिटेन नहीं किया है। वह अब तक 4.40 की इकॉनमी से 12 विकेट हासिल कर चुके हैं। आरसीबी के लिये उन्होंने बहुत शानदार प्रदर्शन किया है ऐसे में मुझे लगता है कि वो नीलमी में अच्छी खासी रकम हासिल कर सकते हैं। मेरा मानना है कि वो पहले ही टी20 क्रिकेट में भारत के लिये अहम बन चुके हैं।


Click it and Unblock the Notifications
