
शार्दुल ने बताया कैसे वापसी करेगी भारतीय टीम
बे-ओवल के मैदान पर खेले जाने वाले तीसरे मैच से पहले शार्दुल ठाकुर ने मीडिया से बात की और कहा कि बेशक उनकी टीम सीरीज हार गई लेकिन आखिरी मैच में वह जरूर वापसी करेगी। शार्दुल के अनुसार भारतीय टीम पर अब सीरीज का कोई दबाव नहीं होने के चलते वह ज्यादा खुलकर खेलेगी और कीवी टीम को हराकर वापसी करेगी।
मैच से पहले शार्दुल ने कहा, 'हर मैच जरूरी होता है। अंतिम मैच सिर्फ इसलिए गैरजरूरी नहीं हो जाता है कि हम इस सीरीज में 0-2 से पीछे हैं और सीरीज गंवा चुके हैं। हर इंटरनेशनल मैच की अपनी अलग अहमियत होती है। ऐसे में हम पिछड़ने के बावजूद जीत का मकसद लिए पूरी तरह से खुलकर खेलेंगे।'

लेग साइड के शॉटस का भगवान है यह खिलाड़ी
शार्दुल ठाकुर ने 35 साल के रोस टेलर की तारीफ करते हुए कहा कि वह बेहद शानदार बल्लेबाज हैं। लेग साइड में उनके शॉटस देखकर लगता है कि वह भगवान की तरह शॉट लगाते हैं।
गौरतलब है कि शार्दुल ठाकुर इस सीरीज में दो मैच जिताऊ पारियां खेल चुके हैं और भारतीय गेंदबाज उन्हें अब तक आउट नहीं कर सके हैं। पहले मुकाबले में टेलर ने नाबाद 109 रन बनाए थे और दूसरे मैच में 73 रनों की नाबाद पारी खेली।

शार्दुल ने बताया टीम का विनिंग प्लान
शार्दुल ठाकुर ने बताया कि आखिरी मैच में जीत भले ही सांत्वना भरी हो लेकिन जीत तो जीत होती है। अगर हमें जीत हासिल करनी है तो आखिरी मैच में रोस टेलर को सस्ते में वापस पवेलियन भेजना होगा।
उन्होंने कहा, 'रोस टेलर ने सीरीज में अब तक शानदार खेल दिखाया हैं। वह लेग साइड में तो भगवान की तरह शॉट लगाते हैं। बीते दो वनडे मुकाबलों में टेलर को आउट करने के हमारे पास मौके थे लेकिन हम उन्हें भुना नहीं सके। हमारे लिए यह जरूरी है कि हम उन्हें सस्ते में पवेलियन की राह दिखाएं।'
पांच मैचों की टी-20 सीरीज 0-5 से गंवाने के बाद कीवी टीम ने तीन मैचों की वनडे सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। वनडे सीरीज के बाद दोनों टीमों के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जाएगी।


Click it and Unblock the Notifications
