नई दिल्ली। भारत में क्रिकेट को एक धर्म के रूप में देखा जाता है, यहां पर लोग इसे सिर्फ खेल की तरह नहीं देखते बल्कि यह देशवासियों की भावनाओं से भी जुड़ा है। यही वजह है कि खेल का कोई भी प्रारूप हो, भारत की कोई भी टीम खेल रही हो फैन्स सभी पर अपना प्यार बरसाते हैं। ईसीबी की ओर से 2019 विश्व कप में भले ही भारत की पुरुष टीम को सेमीफाइनल में हार का सामना करना पड़ा था लेकिन इसी सीजन में आयोजित किये गये टी20 वर्ल्ड सीरीज भारत की दिव्यांग टीम ने लाजवाब प्रदर्शन किया और भारत को जीत दिलाई थी।
क्रिकेट वर्ल्ड सीरीज में भारत की दिव्यांग टीम की ओर से जीत हासिल करने के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने टीम को सम्मानित करने का फैसला करते हुए 65 लाख रुपये का इनाम देने का फैसला किया था। हालांकि इस जीत के 8 महीने बाद भी भारत की दिव्यांग टीम के पास अब तक इनामी राशि नहीं पहुंच पाई है।
और पढ़ें: श्रीसंत ने बताया वनडे में रोहित के अलावा कौन से खिलाड़ी लगा सकते हैं तिहरा शतक
भारत की दिव्यांग टीम ने टी20 क्रिकेट वर्ल्ड सीरीज में इंग्लैंड की टीम को फाइनल में 36 रनों से हराकर यह खिताब अपने नाम किया था। इसके बाद मुंबई स्थित बीसीसीआई ऑफिस में अध्यक्ष सौरव गांगुली और जयशाह की उपस्थिति में टीम के कप्तान विक्रांत केनी और सदस्य गुरुदास राउत को डमी चेक थमाया गया था। हालांकि हैरानी वाली बात यह है कि बीसीसीआई जैसे मजबूत क्रिकेट बोर्ड की ओर से डमी चेक पकड़ाने के बावजूद दिव्यांग टीम को इस इनाम की राशि का लाभ नहीं मिल सका है।
इस बात को लेकर अब भारत की दिव्यांग टीम ने बोर्ड के सामने अपनी बात रखी है, इसमें कई खिलाड़ी भी शामिल हैं।
और पढ़ें: श्रीसंत ने बताया विराट-रोहित के अलावा कौन बन सकता है भारतीय टीम का अगला कप्तान
मदद की गुहार लगाते हुए दिव्यांग टीम के सदस्य गुरजंत ने कहा,'हमने अगस्त में खिताब जीता और मार्च के पहले सप्ताह में, बीसीसीआई ने 65 लाख रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की और यहां तक कि (डमी) चेक भी प्रस्तुत किया लेकिन आज तक हमें पैसा नहीं मिला। मैंने उन अधिकारियों से बात की है जो हमारे साथ कुछ समय के लिए इंग्लैंड गए थे, लेकिन वे भी कुछ बता नहीं रहे हैं। उन्होंने हमें आश्वासन दिया है कि वे आने वाले दिनों में बीसीसीआई से बात करेंगे। लॉकडाउन में ये पैसा हमारे काम आ सकता है। क्योंकि हमारे पास काम नहीं है।'
गौरतलब है कि इस बात के सामने आने के बाद और खिलाड़ियों की अपील सुन कर लोगों ने बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली को ट्रोल करना शुरु कर दिया है। हालांकि इस मुद्दे को लेकर बीसीसीआई के जनरल मैनेजर सबा करीम ने सफाई देते हुए कहा है कि धनराशि जारी की जा चुकी है, उम्मीद है उन्हें जल्द ही मिलनी चाहिये।
और पढ़ें: ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने बताया विराट-स्मिथ में से कौन सा खिलाड़ी है बेहतर
उन्होंने कहा,'जैसा कि आप जानते हैं, हम सभी लॉकडाउन में हैं। बीसीसीआई की ओर से धनराशि को पहले ही जारी किया जा चुका है, उम्मीद है कि यह उन्हें जल्द ही मिलनी चाहिए।'