
संदीप ने पूरा किया विकेटों का सैकड़ा
संदीप की गेंद पर पंजाब के बल्लेबाज मनदीप सिंह बल्लेबाजी कर रहे थे। उन्होंने संदीप के खिलाफ बड़ा शॉट लगाना चाहा लेकिन गेंद डीप स्क्वॉयर लेग पर खड़े राशिद खान के पास पहुंची जिन्होंने शानदार कैच पकड़ा और इसके साथ ही संदीप शर्मा का आईपीएल में विकेटों का शतक भी पूरा हो गया।
संदीप शर्मा आईपीएल के इतिहास 100 विकेट पूरा करने वाले छठे भारतीय तेज गेंदबाज बन गये हैं, उन्होंने इस उपलब्धि को हासिल करने में 87 मैचों का सहारा लिया।

इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर काबिज हो गये संदीप
अपने गेंदबाजी करियर के दौरान संदीप ने पावरप्ले के दौरान 48 विकेट, मिडिल ओवर्स में 17 विकेट और डेथ ओवर्स में 35 विकेट झटकने का काम किया है। उन्होंने 2013 में आईपीएल में डेब्यू किया था और तब से लेकर अब तक पावरप्ले में उनसे ज्यादा अच्छी गेंदबाजी करने के मामले में कोई और गेंदबाज उनके आस-पास भी नहीं है।
वहीं आईपीएल में सबसे तेज 100 विकेट लेने वाले गेंदबाजों के मामले में संदीप शर्मा तीसरे नंबर पर काबिज हैं। इस लिस्ट में युजवेंद्र चहल पहले नंबर जबकि भुवनेश्वर कुमार दूसरे नंबर पर काबिज हैं। चहल ने अब तक 115 विकेट हासिल किये हैं तो भुवनेश्वर कुमार 113 विकेट ले चुके हैं।

जहीर खान के रिकॉर्ड को तोड़ने से चूके संदीप शर्मा
संदीप शर्मा ने इस मैच में ग्लेन मैक्सवेल का भी विकेट हासिल किया और कुल 101 विकेट पूरे कर लिये हैं। इसके साथ ही संदीप मुंबई इंडियंस के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान (102) के रिकॉर्ड की बराबरी करने से महज 1 कदम दूर रह गये। आईपीएल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की बात करें तो लसिथ मलिंगा 170 विकेट के साथ सबसे ऊपर हैं। गौरतलब है कि भुवनेश्वर कुमार के आईपीएल 2020 से बाहर होने के बाद संदीप के ऊपर हैदराबाद की नैया को पार लगाने की बड़ी जिम्मेदारी है।


Click it and Unblock the Notifications