
60 प्रतिशत दर्शकों को मिल सकती है मंजूरी
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के ट्रेजरर अरुण धूमल ने इस पर जानकारी देते हुए कहा कि बोर्ड दर्शकों की स्टेडियम में वापसी कराने की कोशिश कर रही है, जिसके लिये बीसीसीआई और यूएई सरकार मिलकर काम कर रही हैं। हालांकि बोर्ड और सरकार दोनों के लिये खिलाड़ियों की सुरक्षा सबसे पहले है और उसी को ध्यान में रखते हुए ही प्लान तैयार किया जा रहा है।
हाल ही में खबर आयी थी कि यूएई सरकार स्टेडियम की क्षमता के 60 प्रतिशत दर्शकों को आईपीएल 2021 के मैचों में आने की इजाजत देने पर विचार कर रही है। उल्लेखनीय है कि आईपीएल 2021 के तुरंत बाद ही आईसीसी टी20 विश्व कप का आयोजन भी यूएई में होना है तो सरकार इस ग्लोबल टूर्नामेंट के लिहाज से भी दर्शकों को एंट्री देकर ट्रॉयल रन कर सकती है।

खिलाड़ियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं
यूएई के लिये इस समय अच्छी बात यह है कि ज्यादातर लोगों ने कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने के लिये वैक्सिनेशन पूरा कर लिया है और इसी के चलते सरकार दर्शकों के आने को लेकर अनुमति दे सकती है।
धूमल ने लेटेस्टली से बात करते हुए कहा,'हम इस को लेकर यूएई सरकार के साथ काम कर रहे हैं और हमें उम्मीद है कि आईपीएल के समय तक ज्यादातर लोग वैक्सीन लगवा चुके होंगे और उसी को देखते हुए सरकार की ओर से उन्हें स्टेडियम में आने की इजाजत मिल जायेगी। हालांकि दर्शकों को आने की अनुमति खिलाड़ियों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर ही ली जायेगी, लेकिन अभी देखना होगा कि क्या फैसला लिया जायेगा। अब सब कुछ यूएई सरकार के हाथ में है।'

आखिरी बार 8 टीमों के साथ खेला जायेगा टूर्नामेंट
धूमल ने इसी दौरान आईपीएल के अगले सीजन में 10 टीमों के खेलने की भी पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि आईपीएल 2022 में 2 नई टीमें जुड़ेंगी और टूर्नामेंट में 10 टीमों के तहत खेला जायेगा। उल्लेखनीय है कि आईपीएल में सिर्फ एक बार ही 10 टीमों के साथ टूर्नामेंट का आयोजन किया गया था जो कि साल 2011 में खेला गया था, जिसके बाद 2012 और 2013 में 9 टीमों ने हिस्सा लिया था और फिर दोबारा से 8 टीमें कर दी गई थी।
उन्होंने कहा,'अब हर कोई आईपीएल की ओर नजरें रखे हुआ है। हमें उम्मीद है कि यूएई में एक रोमांचक टूर्नामेंट देखने को मिलेगा। 8 टीमों के साथ यह आईपीएल का आखिरी सीजन होगा और अगले सीजन से हमें 10 टीमें खेलती नजर आयेंगी। हम उसको लेकर भी काम जारी रखे हुए हैं।'


Click it and Unblock the Notifications