
कभी माने जाते थे दूसरे विराट कोहली, फिर भी नहीं मिला मौका
उन्मुक्त चंद की बल्लेबाजी शैली में कोहली की झलक नजर आती थी लेकिन भारत के लिये खेलने का सपना पूरा करने में दोनों की किस्मत एक जैसी नहीं रही। जहां विराट कोहली को अंडर-19 विश्व कप जीतने के महज 6 महीने बाद ही मौका मिल गया तो वहीं पर उन्मुक्त चंद को करीब 9 साल बीत जाने के बाद भी भारतीय टीम में जगह बनाने वाले संभावित खिलाड़ियों में भी जगह नहीं मिली।
उन्मुक्त चंद ने एक इंटरव्यू में दावा किया था कि वो एक ही गेंद को 7 तरह से खेलने की शैली में माहिर हो गये हैं और सचिन तेंदुलकर (जो एक ही गेंद को 5 तरह से खेल सकते थे) से भी आगे निकल गये हैं। हालांकि इतने इंतजार के बावजूद भारतीय टीम के लिये खेलने का उनका सपना सच नहीं हो सका और नतीजन उन्होंने भी हार मानते हुए भारतीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है।
उन्मुक्त चंद ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट का इस्तेमाल कर अपने संन्यास का ऐलान किया और अपने फैन्स के लिये बेहद भावुक कर देने वाला पत्र लिखा। उन्मुक्त ने बताया कि अब वह क्रिकेट की एक नई पारी की ओर नजर रखने जा रहे हैं और दुनिया भर की लीग में हिस्सा लेने की तैयारी करेंगे।

अब इस देश के लिये खेलते नजर आयेंगे उन्मुक्त
अपने लेटर में चंद ने बताया कि कैसे भारत का प्रतिनिधित्व करने का सपना आंखो में लिये वो बड़े हुए है और जितने भी कीर्तिमान हासिल किये उसको लेकर काफी शुक्रगुजार हैं। इस लेटर में उन्होंने कहा कि अभी सिर्फ आधा ही सफर पूरा हुआ है और वो अपनी इस यात्रा को बेहद सम्मान के साथ देखते हैं।
उन्मुक्त ने अपने लेटर में अंडर-19 विश्व कप जीत को बेहद खास बताते हुए कहा कि इसके चलते करोड़ों फैन्स के चेहरे पर मुस्कान आ सकी थी। 28 वर्षीय खिलाड़ी ने आगे बात करते हुए कहा कि वो भाग्य पर भरोसा रखते हुए खेल के नयी पारी में गोता लगाने को तैयार हैं। रिपोर्ट की मानें तो उन्मुक्त चंद भारतीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद यूएसए की क्रिकेट टीम के साथ अपनी दूसरी पारी का आगाज कर सकते हैं।
|
बीसीसीआई ने मौके देने से किया इंकार
उन्मुक्त चंद ने अपने लेटर में डीडीसीए को उनका टैलेंट पहचान कर मौका देने के लिये धन्यवाद भी कहा है और बताया कि दिल्ली के लिये खेली गई यह यादें और अनुभव उनके जीवन की सबसे खूबसूरत यादों में से एक है। उन्होंने अपने लेटर में इस बात को माना कि पिछला कुछ समय उनके करियर में ठीक नहीं गुजरा है और जो मौके उन्हें मिलने चाहिये थे वो नहीं दिये गये। इसके चलते उन्होंने बीसीसीआई के सामने अपने सन्यास का ऐलान कर दिया है और दुनिया भर में अच्छे मौकों के लिये निकल रहे हैं।
आपको बता दें कि भले ही उन्मुक्त चंद भारत के लिये नहीं खेल सके हों लेकिन दुनिया की सबसे मशहूर क्रिकेट लीग आईपीएल में वह जरूर शिरकत कर चुके हैं। उन्मुक्त चंद ने 21 आईपीएल मैचों के दौरान 15 की औसत से 300 रन बनाने का काम किया। इस दौरान एक अर्धशतक भी उनके नाम है।


Click it and Unblock the Notifications