
नई दिल्ली। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली जा रही पांच मैच की वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला 3 फरवरी को वेलिंग्टन के मैदान पर खेला गया। भारत ने पांचवां मैच 35 रन से अपने नाम कर लिया।253 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड 217 रन पर ही ऑलआउट हो गई। भारत ने वनडे सीरीज 4-1 से अपने नाम कर ली। भारत ने लगातार तीन शुरुआती मैच जीतकर 10 साल बाद कीवीलैंड पर वनडे सीरीज कब्जाई है। भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। कप्तान रोहित शर्मा का यह फैसला टीम पर भारी पड़ता नजर आया। भारतीय टीम को मैच में शुरुआती झटके लगे। स्थिति एक समय पर 18 रन पर चार विकेट हो गई थी। ओपनिंंग करने आए रोहित शर्मा और शिखर धवन सस्ते में आउट हो गए।
रोहित शर्मा ने 16 गेंद का सामना किया और दो रन बनाकर मैट हेनरी का शिकार बने। उनके बाद शिखर धवन भी 13 गेंद में 6 रन बनाकर बोल्ट की गेंद पर मैट को कैच थमा बैठे।12 रन के टीम के स्कोर पर यह दोनों बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। इसके बाद नवोदित खिलाड़ी शुभमन गिल के बल्ले से भी रन नहीं निकला और वह सात रन बनाकर हेनरी की गेंद पर आउट हुए। चोट के बाद वापसी कर रहे महेंद्र सिंह धोनी से काफी उम्मीद थी लेकिन वह भी एक रन के स्कोर पर बोल्ट की गेंद पर बोल्ड हो गए। भारत की पारी को विजय शंकर और अंबाती रायडू ने कुछ देर के लिए संभाला और अर्धशतकीय साझेदारी की। अंबाती रायडू ने उपयोगी पारी खेलते हुए 90 रन बनाए और उनका साथ देते हुए विजय शंकर ने 45 रन की पारी खेली। इसके बाद केदार जाधव 34 रन बनाकर आउट हुए। हार्दिक पांड्या ने आतिशी पारी खेलते हुए 22 गेंद में 45 रन बनाए और टीम का स्कोर 200 के पार पहुंचाया। भारतीय टीम 50 ओवर में 10 विकेट गंवाकर 252 रन बना सकी। इस दौरान भुवनेश्रर कुमार ने 6 रन बनाए और मोहम्मद शमी ने 1 रन बनाए। युजवेंद्र चहल बिना खाता खोले नाबाद रहे।
253 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। 18 रन के टीम स्कोर पर हेनरी निकोलस को मोहम्मद शमी ने केदार जाधव के हाथों कैच कराया। इसके बाद संभलकर खेल रहे कॉलिन मुनरो को शमी ने 24 रन के निजी स्कोर पर आउट कर भारत को दूसरी सफलता दिलाई। न्यूजीलैंड के अनुभवी खिलाड़ी रॉस टेलर इससे पहले की खतरनाक साबित होते उनको हार्दिक पांड्या ने पगबाधा आउट कर भारत को तीसरी सफलता दिला दी। तीन विकेट गिरने के बाद भारतीय टीम के सामने केन विलियम्सन और टॉम लेथम ने चुनौती पेश की और कुछ देर के लिए अर्धशतकीय साझेदारी की। इस जोड़ी को केदार जाधव ने तोड़ा और विलियम्सन को धवन के हाथों कैच करा भारत को राहत दिलाई। युवा स्पिनर युजवेंद्र चहल ने भारत का काम और आसान कर दिया जब उन्होंने लाथम को पगबाधा आउट कर भारत को पांचवी सफलता दिलाई। ऑलराउंडर नीशम खतरनाक साबित हो रहे थे लेकिन धोनी ने चतुराई से उन्हें रन आउट कर भारत को जीत के और नजदीक पहुंचा दिया। कोलिन डि ग्रैंडहोम को चहल ने पगबाधा आउट कर भारत को छठी सफलता दिलाई। मिशेल सेनेटर 22 रन बनाकर पांड्या का शिकार बने। इसके बाद चहल ने टॉड एस्टल को 10 रन पर आउट किया। इसके बाद ट्रेट बोल्ट भी एक रन बनाकर पवेलियन लौट गए। मैट हेनरी नाबाद रहे।
दोनों टीमें इस प्रकार हैं-
भारत- रोहित शर्मा (कप्तान), शिखर धवन, महेंद्र सिंह धोनी, केदार जाधव, अंबाती रायडू, हार्दिक पांड्या, यजुवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, भुवनेश्वर कुमार, दिनेश कार्तिक या शुभमन गिल, मोहम्मद शमी या मोहम्मद सिराज
न्यूजीलैंड- केन विलियम्सन (कप्तान), टॉड एस्टल, ट्रेंट एस्टल, कोलिन डि ग्रैंडहोम, लॉकी फर्ग्युसन, मार्टिन गुप्टिल, मैट हेनरी, टॉम लॉथम, कोलिन मुनरो, जिमी नीशाम, हेनरी निकोलस, मिचेल सैंटनर, टिम साउदी और रॉस टेलर।