IPL 2023: आईपीएल के क्वालीफायर-2 में आज मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटंस के पास फाइनल में जगह बनाने का आखिरी मौका है। आज का मैच हारने वाली टीम का खेल यहीं समाप्त हो जाएगा। रोहित शर्मा की अगुवाई वाली टीम की निगाह सातवें फाइनल पर है। हालांकि, मुंबई के लिए गुजरात को हराकर सातवें फाइनल में जगह बनाना इतना भी आसान नहीं होगा।
अब तक छह बार फाइनल मैच खेल चुकी हैं मुंबई
आईपीएल इतिहास में मुंबई इंडियंस की टीम अब तक छह बार फाइनल में पहुंची चुकी है। इस सफर में उन्हें एक बार हार का सामना करना पड़ा। एमआई को फाइनल में एकमात्र हार साल 2010 में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ ही मिली थी। इसके बाद से रोहित शर्मा की टीम जब भी फाइनल में पहुंची, तो खुद को चैंपियन बनाकर ही लौटी।
चेन्नई के खिलाफ एमआई को फाइनल में एक बार मिली हार
दरअसल, आईपीएल के जिस फाइनल मैच में मुंबई को हार का सामना करना पड़ा, वह साल 2010 में दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर की कप्तानी में खेला गया था। सीएसके और एमआई के बीच IPL इतिहास में अब तक फाइनल में 4 बार आमना-सामना हो चुका है। इस दौरान मुंबई ने रोहित शर्मा की अगुवाई में 3 बार शानदार जीत दर्ज की।
मुंबई इंडियंस आईपीएल की सबसे सफल टीम है। रोहित शर्मा की अगुवाई वाली एमआई अब तक लीग में पांच बार खिताब अपने नाम किया है। मुंबई ने 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में आईपीएल ट्रॉफी जीती, हालांकि इस सफर में मुंबई को कई उतार-चढ़ाव से होकर गुजरना पड़ा। कई बार ऐसा हुआ है जब वे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के साथ मैच जीतते चले गए, तो कई बार उन्हें एक मैच जीतने के लिए भी संघर्ष करना पड़ा।
मुंबई ने कुल मिलाकर छह बार फाइनल खेला है, जो सीएसके (9) के बाद दूसरे स्थान पर है, और उन छह फाइनल में से उन्होंने पांच में जीत हासिल की है, जो दर्शाता है कि दबाव अधिक होने पर भी मुंबई का हौसला कमजोर नहीं पड़ता।