नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके एबी डिविलियर्स ने हाल ही में वापसी करने का ऐलान किया था। यह साउथ अफ्रीका क्रिकेट टीम के लिए भी अच्छी खबर थी, क्योंकि टीम बुरे हालात में गुजर रही है। आगामी टी20 विश्व कप को ध्यान में रखते हुए डिविलियर्स का इंतजार अफ्रीकी क्रिकेट बोर्ड भी बेसब्री से इंतजार कर रहा है। लेकिन वो वापसी कब करेंगे ये सवाल है। फिलहाल टीम के कोच मार्क बाउचर ने उनपर नया अपडेट देते हुए साफ कहा कि डिविलियर्स श्रीलंका दाैरे का हिस्सा बन सकते हैं जो जून में होगा।
बाउचर ने ऑस्ट्रेलियाई वेबसाइट क्रिकेट.काॅम.एयू से बातचीत करते हुए कहा, ''अभी आईपीएल होने वाला है, जो बड़ा टूर्नामेंट है। हम चाहते हैं कि खिलाड़ी इस टूर्नामेंट में हिस्सा लें। इसके बाद उन्हें राष्ट्रीय टीम के लिए उपलब्ध रहना होगा।'' बाउचर ने कहा, ''हमें टी20 विश्व कप से पहले कई मैच खेलने हैं, जिसमें श्रीलंका दौरा भी शामिल है। इन खिलाड़ियों को श्रीलंका दौरे के लिए खुद को उपलब्ध रखना होगा। हम उन्हें चुनेंगे या नहीं यह अलग मसला है, लेकिन सिलेक्शन के लिए उपलब्ध रहना होगा अगर ये टी20 विश्व कप खेलना चाहते हैं तो।''
बता दें कि डिविलियर्स ने 23 मई 2018 को इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। लेकिन उन्होंने पिछले साल हुए आईसीसी विश्व कप में भी वापसी करने का विचार रखा था। साउथ अफ्रीका ने तब खराब प्रदर्शन किया जिसके बाद डिविलियर्स को वापस लाने की मांग भी उठी। अब पूरी मैनेजमेंट बदल चुका है जो अब अक्तूबर में शुरू होने जा रहे टी20 विश्व कप को ध्यान में रखते हुए डिविलियर्स को वापस टीम में शामिल करना चाहते हैं। डिविलियर्स फिलहाल मार्च के अंत में शुरू होने जा रहे आईपीएल में खेलते नजर आएंगे। 36 साल के डिविलियर्स ने 114 टेस्ट, 228 वनडे और 78 टी20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं।