
13 हजारी बन सकते हैं स्टीव स्मिथ
टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड की टीम के बीच 337 बार भिड़ंत हो चुकी हैं जिसमें से ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 138 बार जीत हासिल की है, जबकि इंग्लैंड की टीम को 169 बार जीत हासिल हुई है। मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गये मैचों की बात करें तो अब तक 49 मैच खेले गये हैं, जिसमें से 24 बार ऑस्ट्रेलिया की टीम ने जीत हासिल की है और 19 बार हार मिली है। जबकि 6 टेस्ट मैच ड्रॉ रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया के लिये स्टीव स्मिथ इस मैच में कई सारे रिकॉर्ड बना सकते हैं। स्टीव स्मिथ को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 13 हजार रन पूरे करने के लिये महज 108 रन की दरकार है और फिलहाल 12892 रन पूरे कर लिये हैं। इतना ही नहीं स्टीव स्मिथ अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में 1300 चौके पूरा करने से महज 2 चौके दूर हैं। स्मिथ ने अब तक 1298 चौके लगाये हैं। इतना ही नहीं अगर स्टीव स्मिथ मेलबर्न में 46 रन बना लेते हैं तो वो टेस्ट क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया के लिये सबसे ज्यादा रन बनाने वाले 7वें बल्लेबाज बन जायेंगे और जस्टिन लैंगर (7696) के रिकॉर्ड को तोड़ देंगे। फिलहाल स्टीव स्मिथ 7651 रनों के साथ 8वें पायदान पर काबिज हैं। वहीं पर एशेज में 3 हजार रन पूरा करने के लिये स्मिथ को 89 रन की दरकार है।

बटलर-रूट के नाम होंगे कई रिकॉर्ड
इंग्लैंड की टीम के लिये इस मैच में वापसी कर रहे जोस बटलर भी कई रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं, उन्हें टेस्ट क्रिकेट में 150 कैच पूरा करने के लिये सिर्फ 2 कैच की दरकार है तो वहीं पर बल्लेबाजी में 9 हजार अंतर्राष्ट्रीय रनों का आंकड़ा पूरा करने के लिये उन्हें सिर्फ 100 रन की दरकार है। वहीं बटलर को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में 850 चौके पूरा करने के लिये 4 चौकों की दरकार है जबकि 250 छक्के पूरा करने के लिये उन्हें बस 2 शॉट की जरूरत है। वहीं इंग्लैंड के कप्तान जो रूट को एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले कप्तान का रिकॉर्ड अपने नाम करने के लिये महज 27 रन की दरकार है। जो रूट इस साल अब तक 1630 रन बना चुके हैं। अगर वो ऐसा कर देते हैं तो एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले तीसरे बल्लेबाज बन जायेंगे और ग्रीम स्मिथ (1656) का रिकॉर्ड तोड़ देंगे। वहीं टेस्ट क्रिकेट में 9500 रनों का आंकड़ा पूरा करने के लिये जो रूट को 47 रनों की दरकार है।

इन इंग्लिश खिलाड़ियों के नाम भी होंगे रिकॉर्ड
इस मैच में कई और इंग्लिश खिलाड़ी भी रिकॉर्ड बना सकते हैं, जिसमें बेन स्टोक्स का नाम भी शामिल है जो कि इस मैच में 4 चौके लगाते ही अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में 150 चौके पूरा कर लेंगे। वहीं क्रिस वोक्स टेस्ट क्रिकेट में 1500 रन पूरा करने से महज 6 रन दूर हैं। जॉनी बेयरस्टो को टेस्ट क्रिकेट में 200 कैच पकड़ने के लिये बस 5 कैच की दरकार है। मेलबर्न टेस्ट में वापसी कर रहे जैक क्राउली को टेस्ट क्रिकेट में चौकों का शतक पूरा करने के लिये 3 बाउंड्रीज की दरकार है। वहीं सलामी बल्लेबाज हसीब हमीद को टेस्ट क्रिकेट में 500 रन पूरा करने के लिये 83 रनों की दरकार है तो वहीं पर चौकों का अर्धशतक पूरा करने के लिये 2 शॉट की दरकार है। जेम्स एंडरसन को टेस्ट क्रिकेट में कैचों का शतक पूरा करने के लिये एक कैच की दरकार है।

इन ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के नाम भी हो सकते हैं रिकॉर्ड
ऑस्ट्रेलिया के मध्यक्रम बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा को टेस्ट क्रिकेट में 3 हजार रन पूरा करने के लिये 113 रनों की दरकार है और अगर उन्हें मौका मिलता है तो उनके पास यह करने का मौका रहेगा। इतना ही नहीं अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में 500 चौके पूरा करने के लिये उस्मान ख्वाजा को 7 चौकों की दरकार है। ट्रैविस हेड को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में 3 हजार रन पूरा करने के लिये 34 रन की दरकार है। डेविड वॉर्नर (7513) को टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों की लिस्ट में मार्क टेलर (7525) का रिकॉर्ड तोड़ने के लिये 13 रन की दरकार है। वहीं मार्कस हैरिस (466) को टेस्ट क्रिकेट में 500 रन पूरा करने के लिये 34 रन की दरकार है। नाथन लॉयन के पास इस मैच के दौरान एशेज में विकेटों का शतक पूरा करने का मौका है।


Click it and Unblock the Notifications