IND vs SA: सेंचुरियन टेस्ट के लिये वसीम जाफर ने चुनी प्लेइंग 11, अय्यर-रहाणे दोनों को दी जगह
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज वसीम जाफर ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ रविवार से शुरू होने जा रही 3 मैचों की टेस्ट सीरीज के लिये भारतीय टीम की अपनी प्लेइंग 11 चुनी है जिसे वो सेंचुरियन के मैदान पर खेले जाने वाले पहले टेस्ट मैच में देखना चाहते हैं। वसीम जाफर उस भारत की उस ऐतिहासिक टीम का हिस्सा रह चुके हैं जिसने साउथ अफ्रीका दौरे पर सीरीज को बराबर कराया था। उल्लेखनीय है कि भारतीय टीम अब तक 7 बार साउथ अफ्रीका का दौरा कर चुकी है जिसमें से 6 बार उसे हार का सामना करना पड़ा है जबकि 2010-11 में खेली गई एक सीरीज में भारतीय टीम बराबरी करने में कामयाब रही थी।
और पढ़ें: जब कोहली से छिनी वनडे की कप्तानी तो क्या कोच द्रविड़ ने की थी बात, अब खुद राहुल ने किया खुलासा
वसीम जाफर ने सेंचुरियन टेस्ट के लिये जिस प्लेइंग 11 का ऐलान किया है उसमें अजिंक्य रहाणे और श्रेयस अय्यर दोनों का शामिल किया है और प्लेइंग इलेवन से हनुमा विहारी और इशांत शर्मा को बाहर रखा है। वसीम जाफर ने अपनी टीम के प्लेइंग 11 में कप्तान केएल राहुल और मयंक अग्रवाल को पारी का आगाज किया है जबकि तीसरे और चौथे पायदान के लिये चेतेश्वर पुजारा और कप्तान विराट कोहली को शामिल किया है।
और पढ़ें: IND vs PAK: अब एशिया कप में पाकिस्तान ने भारत को हराया, मैच की आखिरी गेंद पर निकला नतीजा

इस वजह से रहाणे को किया शामिल
वसीम जाफर ने पांचवे पायदान के लिये अजिंक्य रहाणे की खराब बल्लेबाजी और गिरती औसत के बावजूद टीम में जगह दी है। रहाणे की औसत फरवरी 2014 के बाद से पहली बार सबसे खराब हुई है। वसीम जाफर ने पूर्व उप कप्तान के बारे में बात करते हुए कहा कि पिछली बार जब वो साउथ अफ्रीका के दौरे पर गये थे तो उन परिस्थितियों में रहाणे ने 50 से ज्यादा की औसत से रन बनाये थे।
ईएसपीएन क्रिकइंफो के साथ बात करते हुए उन्होंने कहा,'केएल और मयंक पारी का आगाज करेंगे, पुजारा तीसरे नंबर पर और विराट कोहली चौथे पायदान पर खेलेंगे। मैं अजिंक्य रहाणे को पांचवे पायदान के लिये टीम में शामिल करूंगा। उनकी फॉर्म को देखते हुए उन्हें टीम में शामिल करने को लेकर लगातार चर्चा जारी है कि श्रेयस अय्यर, हनुमा विहारी और रहाणे में से किसी एक को शामिल किया जा सकता है। हालांकि पहले टेस्ट मैच के लिये मैं रहाणे को उनके अनुभव और स्किल के आधार पर शामिल करूंगा। रहाणे की हालिया फॉर्म को देखते हुए इस पर चर्चा की जा सकती है लेकिन वो साउथ अफ्रीका की परिस्थितियों को अच्छे से जानते हैं और पहले भी काफी रन बना चुके हैं। वह अपने साथ टीम में सिर्फ बल्लेबाजी ही नहीं बल्कि काफी कुछ लेकर आते हैं।'

क्यों विहारी से पहले अय्यर को दी जगह
वसीम जाफर ने छठे नंबर की बल्लेबाजी के लिये श्रेयस अय्यर को हनुमा विहारी से पहले टीम में शामिल किया है जिन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने डेब्यू मैच में 105 और 65 रनों की पारी खेली। हनुमा विहारी ने साउथ अफ्रीका दौरे पर इंडिया ए की ओर से खेलते हुए 3 अनाधिकारिक टेस्ट मैचों में लगातार 3 अर्धशतकीय पारियां खेली लेकिन जाफर ने उन्हें अपनी टीम में जगह नहीं दी है।
उन्होंने कहा,'मैं छठे नंबर के लिये श्रेयस अय्यर को उनकी मौजूदा फॉर्म के आधार पर प्लेइंग 11 में जगह दूंगा। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ जिस तरह की बल्लेबाजी की उसे देखते हुए मैं उन्हें विहारी से पहले टीम में शामिल करूंगा। इंडिया ए के साथ विहारी ने शानदार प्रदर्शन किया और साउथ अफ्रीकी परिस्थितियों में काफी रन बनाये, लेकिन वो इंडिया ए का दौरा था और ऊपर से वो टेस्ट मैच नहीं थे। ऐसे में मैं उनकी जगह किसी ऐसे खिलाड़ी को चुनुंगा जिसने टेस्ट में रन बनाये हों।'

क्या साउथ अफ्रीका में इतिहास रच सकती है भारतीय टीम
वसीम जाफर ने अपनी प्लेइंग 11 में ऋषभ पंत को 7वें नंबर पर बल्लेबाजी के लिये बुलाया जबकि रविचंद्रन अश्विन को 8वें पायदान के लिये चुना। गेंदबाजी लाइनअप में वसीम जाफर ने जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी और मोहम्मद सिराज को शामिल किया है। इतना ही नहीं वसीम जाफर से जब सवाल किया गया कि क्या भारतीय टीम इस सीरीज में इतिहास रच पायेगी।
उन्होंने कहा,'मुझे लगता है कि जब हमारी टीम पिछली बार दौरे पर गई तो वो सीरीज में जीत हासिल कर सकती थी लेकिन तब साउथ अफ्रीका की टीम भी काफी मजबूत थी क्योंकि उसके पास फाफ डुप्लेसिस, एबी डिविलियर्स और हाशिम अमला भी। हालांकि अब उनकी बल्लेबाजी उस समय के मुकाबले कमजोर हो गई है, लेकिन उनकी गेंदबाजी काफी शानदार हो गई है। यह भारतीय टीम भी काफी मजबूत है, भले ही इसमें रोहित शर्मा और रविंद्र जडेजा नहीं है लेकिन फिर भी यह टीम साउथ अफ्रीका में इतिहास रच सकती है।'
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications