
पावरप्ले में वेस्टइंडीज ने की खराब शुरुआत
टी20 विश्वकप में खेले गये इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, जिसके जवाब में क्रिस गेल (15) और एविन लुईस (29) ने विस्फोटक शुरुआत करते हुए महज 2.1 ओवर में 30 रन जोड़ डाले लेकिन कमिंस ने गेल को बोल्ड कर साझेदारी को तोड़ दिया। वहीं जोश हेजलवुड ने अगले ओवर में पहले निकोलस पूरन (4) का विकेट चटकाया तो वहीं इसी ओवर में रोस्टन चेज को बोल्ड कर कैरिबियाई टीम को तीसरा झटका दिया। महज 35 रन के स्कोर पर 3 विकेट खो देने के बाद एविन लुईस ने शिमरोन हेटमायर के साथ पारी को संभाला और चौथे विकेट के लिये 35 रनों की साझेदारी की।

पोलार्ड-हेटमायर ने संभाली पारी
एडम जंपा ने एविन लुईस का विकेट लेकर कैरिबियाई टीम को चौथा झटका दिया, लेकिन शिमरोन हेटमायर (27), कायरन पोलार्ड (44), ड्वेन ब्रावो (10) और आंद्रे रसेल (18) की आतिशी पारियों के दम पर 157 रन का स्कोर खड़ा कर दिया। कायरन पोलार्ड ने 31 गेंदों में 4 चौके और एक छक्का लगाकर 44 रनों का योगदान दिया तो वहीं पर आंद्रे रसेल ने 7 गेंदों में एक चौके और 2 छक्के की मदद से नाबाद 18 रनों का योगदान दिया। ऑस्ट्रेलिया के लिये जोश हेजलवुड ने सबसे शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर्स में 39 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किये तो वहीं पर मिचेल स्टार्क, एडम जंपा और पैट कमिंस के खाते में एक-एक विकेट आया।

वॉर्नर-मार्श के दम पर जीती ऑस्ट्रेलिया
वेस्टइंडीज की ओर से 158 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरे ऑस्ट्रेलिया की टीम ने एरॉन फिंच और डेविड वॉर्नर के दम पर आतिशी शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिये 33 रनों की साझेदारी की। कैरिबियाई टीम के लिये अकील हुसैन ने फिंच को बोल्ड कर इस साझेदारी को तोड़ दिया, लेकिन इसके बाद कैरिबियाई गेंदबाज सफल नहीं हो सके। ऑस्ट्रेलिया के लिये डेविड वॉर्नर ने अपने टी20 करियर का 20वां और इस टूर्नामेंट का दूसरा अर्धशतक लगाया तो वहीं पर मिचेल मार्श ने भी उनका भरपूर साथ देते हुए टी20 विश्वकप का अपना पहला अर्धशतक पूरा किया। जहां डेविड वॉर्नर ने 56 गेंदों का सामना कर नाबाद 89 रनों की पारी खेली तो वहीं पर मिचेल मार्श ने भी 27 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा करते हुए 57 रनों की पारी खेली।
डेविड वॉर्नर ने अपनी पारी में 9 चौके और 3 छक्कों का योगदान दिया तो वहीं पर मिचेल मार्श ने 5 चौके और 2 छक्के लगाकर टी20 क्रिकेट का 5वां अर्धशतक पूरा किया। इसके साथ ही इन दोनों खिलाड़ियों ने दूसरे विकेट के लिये 124 रनों की साझेदारी की लेकिन जब मैच जीतने के लिये एक रन की दरकार थी तभी क्रिस गेल ने मिचेल मार्श का विकेट ले लिया। इसके साथ ही वेस्टइंडीज की टीम ने 8 विकेट से जीत हासिल कर ली है।


Click it and Unblock the Notifications